संदना,सीतापुर(संवाददाता): संदना थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिश्रिख-सिधौली मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कल्ली चौराहे पर स्थित कुदुमलता पेट्रोल पंप के पास सुबह लगभग छह बजे एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तीज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद कार में सवार लोग वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की शिनाख्त मछरेहटा क्षेत्र के ग्राम कुंदौली निवासी विजय कुमार (27) एवं तारा (34) के रूप में हुई है।
प्राथमिक उपचार के उपरांत तारा की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही रही है।

0 टिप्पणियाँ